BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पलामू : अपराध नियंत्रण और लंबित कांडों के निष्पादन को लेकर छतरपुर में अनुमंडल स्तरीय अपराध गोष्ठी आयोजित


*छतरपुर/पलामू अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और पुलिस की तकनीकी दक्षता बढ़ाने को लेकर मंगलवार को छतरपुर अनुमंडल में एक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने की लंबित कांडों और कानून-व्यवस्था की हुई समीक्षा
गोष्ठी में अनुमंडल के सभी थाना प्रभारियों एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराध की स्थिति, लंबित कांडों की समीक्षा, कांडों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन तथा विधि-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।  

पुलिस पदाधिकारियों को दिए गए ये निर्देश  
एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण हेतु प्रभावी रणनीति अपनाने, नियमित गश्ती करने, सुदृढ़ सूचना तंत्र विकसित करने और आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।  

वर्ष 2025 से पूर्व के सभी लंबित कांडों की विशेष समीक्षा कर उनके त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अनुसंधान में अनावश्यक विलंब न हो और प्रत्येक कांड में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।  

अवैध अफीम की खेती पर सख्ती के निर्देश  
गोष्ठी में अनुमंडल क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की रोकथाम एवं उन्मूलन पर भी विशेष जोर दिया गया। संभावित खेती वाले क्षेत्रों की पहचान, स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय करने, संबंधित विभागों केc साथ समन्वय स्थापित करने और सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।  

पुलिस को दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण  
बैठक के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को NATGRID के GANDIVA प्लेटफॉर्म के उपयोग संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया। इसका उद्देश्य तकनीकी संसाधनों और डेटा-आधारित विश्लेषण के माध्यम से अनुसंधान को अधिक प्रभावी और सटीक बनाना है।  

एसडीपीओ ने सभी पदाधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जवाबदेही, तत्परता एवं पेशेवर दक्षता के साथ करने और अपराध नियंत्रण तथा जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।