पलामू: बैरिया चौक में फांसी के फंदे से लटका मिला महिला का शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
मेदिनीनगर : मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बैरिया चौक बाजार समिति गेट के सामने बुधवार सुबह एक महिला का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान अमित कुमार की पत्नी पूजा देवी उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है।
सूचना पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल MMCH भेज दिया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतिका के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतिका के भाई का कहना है कि पूजा और उसके पति के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। उन्होंने पुलिस से मामले की सही से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों के आधार पर हर बिंदु पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
शहर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।






