विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता की कार्यशैली पर भड़के संजय बर्मन, कहा— अमर्यादित भाषा और गुंडई बंद करें, जनता सब देख रही है
विशेष संवाददाता /राँची एक्सप्रेस
पलामू जिले के लेस्लीगंज में घटित मारपीट, घर व दुकान में घुसकर लूटपाट तथा अभद्र व्यवहार के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष, युवा समाजसेवी सह कांग्रेस नेता संजय बर्मन ने पीड़िता सुहानी सोनी एवं सोनू सोनी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए खुलकर अपनी आवाज बुलंद की है। उन्होंने पांकी से भाजपा विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता के अमर्यादित बयानों और कार्यशैली की कठोर शब्दों में निंदा की है।
सामाजिक माहौल बिगाड़ने का आरोप, विधायक को दी चेतावनी
संजय बर्मन ने विधायक शशिभूषण मेहता के बयानों को समाज का माहौल बिगाड़ने वाला करार देते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह खुलेआम व्यवसायियों को धमकी देना और गुंडई करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विधायक को सचेत करते हुए कहा, "विधायक जी अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल न करें, वरना जनता सब कुछ जानती है और वक्त आने पर सिर छुपाना भी मुश्किल हो जाएगा।"
एफआईआर में गंभीर आरोप: घर में घुसकर मारपीट, लूट और अभद्रता
पीड़ित पक्ष (निखिल कुमार) द्वारा लेस्लीगंज थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, दिनांक 3 नवंबर 2026 को दोपहर लगभग 12:30 बजे विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, छोटेलाल सोनी, लाला यादव, सुनील कुशवाहा, प्रकाश मेहता, अरविन्द पासवान, सुधीर तिवारी, रामदेव मेहता तथा 40-50 अन्य लोग जबरन उनकी दुकान और घर में घुस आए।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि:
दुकान में घुसकर निखिल कुमार और उनके भाई कुन्दन सोनी के साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई।
दुकान के गल्ले में रखे 80,000 (अस्सी हजार) रुपये की लूटपाट की गई।
इसके बाद विधायक के आने पर भीड़ उनके घर पहुंची, जहाँ उनकी भाभी सुहानी सोनी और माँ चुमणी देवी के साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई तथा अभद्र व्यवहार किया गया।
घटना से जुड़े वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है।
व्यवसायियों की सुरक्षा पर उठाया सवाल
संजय बर्मन ने कहा कि स्वर्णकार समाज और स्थानीय व्यवसायियों पर इस तरह का दबाव और हमला अन्यायपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि किसी के राजनीतिक रसूख को देखे बिना निष्पक्ष जांच की जाए और पीड़िता सुहानी सोनी व उनके परिवार को अविलंब न्याय एवं सुरक्षा प्रदान की जाए।
पुलिस की कार्रवाई पर टिकीं निगाहें
लेस्लीगंज पुलिस को दोनों पक्षों से लिखित आवेदन प्राप्त हुए हैं। थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। रा देखना यह होगा कि इस राजनीतिक व सामाजिक गरमाहट के बीच पुलिस प्रशासन पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।






