हैदरनगर थाना परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर याद गया सरदार पटेल को
पुलिसकर्मियों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की ली शपथ
हुसैनाबाद,पलामू :राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को हैदरनगर थाना परिसर में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को याद किया गया। साथ ही शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने भाग लिया।
इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा आपसी भाईचारा और सद्भावना को मजबूत करने की शपथ ली। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक एकता के लिए सदैव तत्पर रहने और नागरिकों के बीच एकता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।
थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता और अखंडता के प्रति दायित्वों का स्मरण कराता है। सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए हमें जाति, धर्म और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने समाज में एकता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।






