BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

करीब 100 किसानों को मिला बीज का वितरण, प्रखंड प्रमुख प्रभा देवी रहीं मौजूद


चैनपुर। पलामू जिले के अंतर्गत चैनपुर प्रखंड परिसर में गुरुवार को कृषि विभाग की ओर से करीब 100 किसानों के बीच बीज का वितरण किया गया। प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से पहुंचे किसानों को आगामी खेती के लिए उन्नत किस्म का बीज उपलब्ध कराया गया।

वितरण कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख प्रभा देवी, उनके पति बबलू चौरसिया, सेमरा के पंचायत समिति सदस्य सुकूल रवि, कृषि विभाग के डीओ अभिषेक कुमार समेत विभाग के अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।

प्रखंड परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। कृषि विभाग की ओर से निर्धारित पंचायतवार वितरण योजना के तहत किसानों को बीज दिए गए। विभागीय कर्मियों ने किसानों को बीज के साथ-साथ खेती में नई तकनीक अपनाने और फसल की सही देखभाल के बारे में भी जानकारी दी।

मौके पर प्रखंड प्रमुख प्रभा देवी ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बीज वितरण का मुख्य उद्देश्य किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना है ताकि वे समय से बुआई कर सकें और अच्छी उपज ले सकें। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे विभाग द्वारा दी जा रही योजनाओं का लाभ उठाएं और आधुनिक खेती की ओर बढ़ें।

डीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा जिले भर में चरणबद्ध तरीके से बीज वितरण किया जा रहा है। चैनपुर प्रखंड में भी जरूरतमंद किसानों की सूची बनाकर उन्हें बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाले बीज दिए गए हैं जिससे पैदावार में वृद्धि होगी।

बीज मिलने से किसानों के चेहरे पर खुशी देखी गई। किसानों ने कहा कि समय पर बीज मिलने से अब वे फसल की बुआई समय पर कर पाएंगे और उत्पादन भी बेहतर होगा।

कार्यक्रम में कृषि विभाग के कर्मियों ने किसानों को फसल बीमा, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। अंत में सभी किसानों से प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण पर ध्यान देने की अपील की गई।