BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

ए के सिंह कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर सेमिनार आयोजित, सरदार पटेल के योगदान को किया गया याद


राष्ट्र-प्रथम की भावना से ओत-प्रोत था पटेल का जीवन:प्राचार्य

हुसैनाबाद,पलामू: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को ए के सिंह कॉलेज जपला में एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना  के तत्वावधान में भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में सरदार वल्लभ भाई पटेल का योगदान विषय पर आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. रामसुभग सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. राम सुभग सिंह, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. राजेश कुमार सिंह, प्रो. शशिभूषण सिंह, डॉ. शिवकुमार विश्वकर्मा, प्रो. राहुल कुमार सिंह और प्रो. रेखा सिंह द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
सेमीनार को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. राम सुभग सिंह ने कहा कि सरदार पटेल का पूरा जीवन हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि अपनी लौह इच्छा शक्ति और कूटनीतिक दूरदर्शिता से उन्होंने सैकड़ों रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोकर एक सशक्त देश की नींव रखी। किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष हो या स्वतंत्र भारत की आंतरिक सुरक्षा का ढांचा, उनका राष्ट्रव्यापी दृष्टिकोण हर देशवासी के लिए एक आदर्श है। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभ भाई पटेल दोनों ने महात्मा गांधी के साथ मिलकर देश को एक सही दिशा देने का ऐतिहासिक कार्य किया।
वहीं, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. राजेश कुमार सिंह ने सरदार पटेल की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए उन्होंने हमेशा 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प को सर्वोपरि रखा।
इस मौके पर खेल-कूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. राहुल कुमार सिंह ने उपस्थित सभी एनएसएस स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. राजेश कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. रेखा सिंह द्वारा किया गया। मौके पर महाविद्यालय के बर्सर प्रो. शशिभूषण सिंह, एसीएस डॉ. शिवकुमार विश्वकर्मा, प्रो. राहुल कुमार सिंह, प्रो. रेखा सिंह, प्रो. मनीष कुमार सिंह सहित गैर-शिक्षण कर्मी विवेक कुमार और छात्र-छात्राओं में प्रिंस कुमार सिंह, रानी कुमारी, पिंकी कुमारी, प्रियांशु कुमारी, अंजली राज, श्याम किशोर विषेन, कुंदन कुमार, सूर्यांश कुमार, समीर, काजल कुमारी, शिखा कुमारी, पल्लवी कुमारी समेत भारी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित थे।