सुल्तानी हाईस्कूल को मिला गोल्ड सर्टिफिकेट, गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा को मिली पहचान
पलामू :हरिहरगंज प्रखंड अंतर्गत सुल्तानी गांव स्थित स्तरोन्नत उच्च विद्यालय सुल्तानी को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से गोल्ड सर्टिफिकेट प्रदान किया गया है। विद्यालय को यह सम्मान शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर, बुनियादी ढांचे, सुरक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की क्षमता के आकलन के आधार पर दिया गया है।
विद्यालय को गोल्ड सर्टिफिकेट मिलने से शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व, बेहतर प्रशासनिक क्षमता और निरंतर प्रयासों का यह सकारात्मक परिणाम है।
ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल तैयार करने और शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रधानाध्यापक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय की इस उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी खुशी है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करेगा और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ेगा। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से मिला यह सम्मान विद्यालय के लिए गौरव की बात है। साथ ही, यह उपलब्धि शिक्षकों और विद्यार्थियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।






