मिलावट के असली स्रोत तक पहुँचे प्रशासन, केवल हलवाइयों पर कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं : भोला गुप्ता
हुसैनाबाद/हरिहरगंज : हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी भोला गुप्ता ने खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर अपनी बात रखते हुए कहा कि मिलावट के खिलाफ अभियान चलाना जरूरी है, लेकिन कार्रवाई केवल मिठाई दुकानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। प्रशासन को उन दुकानों, थोक विक्रेताओं और सप्लायरों तक भी पहुँचना चाहिए, जहाँ से मिठाई बनाने के लिए कच्ची खाद्य सामग्री की आपूर्ति होती है।
उन्होंने कहा कि हलवाई का मुख्य काम उपलब्ध कच्चे माल से मिठाई तैयार करना है। इसके लिए दूध, खोवा, चीनी, घी, खाद्य रंग और अन्य सामग्री की आवश्यकता होती है। यदि इन कच्चे पदार्थों में ही मिलावट है या उनकी गुणवत्ता खराब है, तो सबसे पहले यह पता लगाया जाना चाहिए कि मिलावटी सामग्री का निर्माण और आपूर्ति कौन कर रहा है।
भोला गुप्ता ने कहा कि यदि छापेमारी करनी है तो मिलावट के वास्तविक स्रोतों की पहचान कर निर्माताओं, थोक विक्रेताओं और सप्लायरों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। केवल मिठाई की दुकानों पर छापेमारी कर हलवाइयों को परेशान करने से मिलावट की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा के मामले में किसी भी दोषी को बचाया नहीं जाना चाहिए, लेकिन जिम्मेदारी भी तथ्यों और जांच के आधार पर तय होनी चाहिए। कच्चे माल की गुणवत्ता से लेकर तैयार मिठाई की बिक्री तक पूरी आपूर्ति व्यवस्था की जांच होनी चाहिए, ताकि आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।






