मशहूर गायिका शहनाज अख्तर के भक्ति गीतों पर झूमे श्रोता,जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा हुसैनाबाद
हुसैनाबाद,पलामू: छठ महापर्व के अवसर पर आदर्श युवा जागृति मंच की ओर से स्थानीय कर्पूरी मैदान में प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर का भव्य भक्ति जागरण आयोजित किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी समीर अल्फ्रेड मुर्मू, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार, मंच के संरक्षक सह पूर्व सांसद प्रत्याशी जितेंद्र कुमार पासवान, कृष्ण मुरारी अग्रवाल एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ऊषा देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मंच पर पहुंचते ही शहनाज अख्तर ने जय भवानी, जय श्रीराम और जय श्री महाकाल का उद्घोष किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। उन्होंने 'मुझे चढ़ गया भगवा रंग' और 'मैया के दीवानों ने दरबार सजाया है' जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं, अपने चर्चित भजन 'छुम-छुम छननन बाजे मैया पांव पैजनिया' से महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को झूमने पर मजबूर कर दिया।उद्घाटन के मौके पर एसडीएम समीर अल्फ्रेड मुर्मू ने आदर्श युवा जागृति मंच के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संरक्षक जितेंद्र कुमार पासवान के नेतृत्व में संस्था सामाजिक कार्यों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रही है। भक्ति जागरण से भक्ति भावना बढ़ती है तथा आपसी भाईचारा और एकता मजबूत होती है।
जितेंद्र कुमार पासवान ने ग्रामीण क्षेत्र में इतने भव्य जागरण के आयोजन को सराहनीय बताते हुए सभी लोगों पर ईश्वर की कृपा बनी रहने की कामना की। उन्होंने लोगों से जीवन में प्रगति करने और हमेशा अच्छे रास्ते पर चलने का आह्वान किया।भजन गायिका शहनाज अख्तर ने भजनों की प्रस्तुति के साथ अपने जीवन और भक्ति संगीत से जुड़ने के सफर को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि बचपन से ही भजन एवं जागरण सुनने के कारण उनका रुझान भक्ति संगीत की ओर बढ़ा।






