डीसी ने तकनीकी विभागों की योजनाओं की समीक्षा की,गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर दिया विशेष जोर
पलामू : उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंताओं के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, भवन निर्माण विभाग, जल पथ प्रमंडल तथा विद्युत विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जल पथ प्रमंडल द्वारा संचालित दोनों पाइपलाइन योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए।समीक्षा के क्रम में विभिन्न क्षेत्रों में निर्माणाधीन स्वास्थ्य उपकेंद्रों के कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने जिला अभियंता को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान कई संवेदकों द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारियों को संवेदकों के साथ समन्वय स्थापित कर अविलंब कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि बिना किसी वाजिब कारण के योजनाओं को लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी विभागों को नियमित अनुश्रवण करने तथा अंतर-विभागीय समन्वय के माध्यम से परियोजनाओं में आ रही बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सभी अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों एवं तकनीकी मापदंडों के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा निर्माण कार्यों की नियमित जांच एवं मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने अभियंताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्यों में सामग्री की गुणवत्ता एवं निर्धारित अनुपात का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि जनता को टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियां उपलब्ध हो सकें।बैठक में उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता सहित विभिन्न तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।





