पुलिस अधीक्षक, पलामू ने रेहला थाना कांड संख्या–110/2026 में चोरी की घटना का लिया जायजा
पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने रेहला थाना कांड संख्या–110/2026 के अंतर्गत ग्रासिम बिरला क्वार्टर परिसर में आठ घरों में हुई चोरी की घटना का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की समीक्षा की तथा घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
उक्त चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए कांड के शीघ्र उद्भेदन एवं संलिप्त अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विश्रामपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। गठित टीम को मामले के विभिन्न बिंदुओं पर गहन अनुसंधान करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा रेहला थाना का भी भ्रमण किया गया तथा थाना की कार्यप्रणाली एवं कांड के अनुसंधान की समीक्षा की गई। उन्होंने मामले के त्वरित निष्पादन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विश्रामपुर, पु०नि० पाण्डु अंचल एवं थाना प्रभारी, रेहला एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।






