BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गीता देवी हत्याकांड के दोषियों को मिले कठोरतम सजा : अविनाश देव



पीड़ित परिवार से मिले झामुमो युवा नेता, बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने का दिया भरोसा

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि।पलामू जिले के  नावाबाजार प्रखंड के बसना गांव में दलित महिला गीता देवी की  हत्या की घटना पर झामुमो युवा नेता अविनाश देव ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग की है। सोमवार को अविनाश देव बसना गांव पहुंचे और गीता देवी के पति शशि समेत परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।

अविनाश देव ने कहा कि दशहरे के दिन हुई इस जघन्य घटना ने मानवता को शर्मसार किया है। महिलाओं के सम्मान और दलित समाज की सुरक्षा से जुड़ी ऐसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अपराध में शामिल कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए और किसी निर्दोष को बेवजह फंसाया भी नहीं जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल संवेदना व्यक्त करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि दोषियों को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने के लिए गंभीरता से कार्रवाई करनी होगी।

बच्चों की शिक्षा में करेंगे सहयोग

अविनाश देव ने कहा कि गीता देवी के बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। श्राद्ध कर्म संपन्न होने के बाद परिवार और गांव के लोगों से विचार-विमर्श कर उनके एक बच्चे को संत मरियम आवासीय विद्यालय में निःशुल्क शिक्षा देने की जिम्मेदारी लेने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मां को खोने का दुख बच्चों के जीवन में कभी न भरने वाला खालीपन छोड़ गया है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

मौके पर  झामुमो क्रीड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमित वर्मन,   संगीत शिक्षक श्याम किशोर पांडेय, पंडवा प्रखंड अध्यक्ष चंदेश्वर मेहता, रवि मेहता समेत अन्य लोग उपस्थित थे।