BREAKING NEWS

logo

उर्दू मध्य विद्यालय में प्रबंधन समिति के गठन पर बवाल, अभिभावकों ने डीसी से की जांच व पुनर्गठन की मांग की


हुसैनाबाद: कृष्णा यादव 

हुसैनाबाद,पलामू: अनुमंडल मुख्यालय स्थित राजकीय उर्दू मध्य विद्यालय, हुसैनाबाद में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विद्यालय के कई अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि समिति का गठन बिना पर्याप्त सूचना और प्रचार-प्रसार के जल्दबाजी में कर दिया गया। इसे लेकर उन्होंने उपायुक्त पलामू को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की जांच कराने और समिति को भंग कर नए सिरे से गठन कराने की मांग की है।
       अभिभावकों के अनुसार विद्यालय की ओर से 25 जुलाई 2026 को समिति गठन संबंधी आदेश जारी किया गया, जबकि अगले ही दिन 26 जुलाई को समिति का गठन भी कर लिया गया। उनका कहना है कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार कर सभी अभिभावकों को इसकी सूचना देना आवश्यक होता है, ताकि इच्छुक अभिभावक प्रक्रिया में भाग ले सकें। लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया गया।
        शिकायत में आरोप लगाया गया है कि समिति गठन की प्रक्रिया गुप्त तरीके से पूरी की गई, जिससे अधिकांश अभिभावकों को इसकी जानकारी तक नहीं मिल सकी। अभिभावकों का कहना है कि उन्हें चुनाव में भाग लेने का अवसर नहीं दिया गया और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा।
       उपायुक्त को दिए गए आवेदन में अभिभावकों ने मांग की है कि वर्तमान में गठित विद्यालय प्रबंधन समिति को तत्काल निरस्त किया जाए तथा सभी अभिभावकों को पूर्व सूचना एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से शामिल करते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से नई समिति का गठन कराया जाए।शिकायत आवेदन पर मोहिउद्दीन अंसारी, खालिद हुसैन, हिना कौसर, मुसर्रत प्रवीण, अफसाना खातून, नूरेशा परवीन समेत कई अभिभावकों के हस्ताक्षर हैं। आवेदन की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी पलामू, जिला शिक्षक संघ पलामू, अनुमंडल पदाधिकारी हुसैनाबाद तथा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईओ) हुसैनाबाद को भी भेजी गई है।हालांकि, इस संबंध में विद्यालय प्रशासन का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।