BREAKING NEWS

logo

पलामू में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर *वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट* ने जताई चिंता


पलामू में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सामाजिक संस्था वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की टीम ने गंभीर चिंता व्यक्त की है।इसी क्रम में ट्रस्ट के सदस्यों ने आज जिला परिवहन पदाधिकारी जितेंद्र यादव से मुलाकात कर सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बात की।
मुलाकात के दौरान ट्रस्ट के सदस्यों ने डीटीओ से आग्रह किया कि ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को और सख्ती से लागू किया जाए साथ ही आवेदकों की सही तरीके से जांच पड़ताल की जाए। इसके साथ ही वाहन चालकों के कागजातों की नियमित जांच सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। ताकि बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चालकों पर रोक लगाई जा सके।ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण लापरवाही, जल्दीबाजी,बिना लाइसेंस,  हेल्मेट के वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी करना है।ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि वो सख्त कार्रवाई के साथ साथ व्यापक स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाए। डीटीओ ने टीम वरदान की बातों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगें और सड़क जागरूकता अभियान को तेज किया जाएगा।वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट ने भी प्रशासन के साथ मिलकर आम नागरिकों को जागरूक करने का संकल्प लिया।विदित है कि यह संस्था पिछले चार सालों से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाकर हजारों लोगों को जागरूक कर चुकी है ।संस्था की सचिव शर्मिला वर्मा ने कहा कि वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट का उद्देश्य है सड़क दुर्घटनाओं पर काबू पाना और इसके लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करना।उन्होंनें युवाओं से अपील की कि आप भी इस पुनीत कार्य में टीम वरदान से जुड़ें और पलामू को दुर्घटनाविहीन करने में अपना अमूल्य योगदान दें।इस मौके पर ट्रस्ट की डॉक्टर अमितू सिंह,  मंजू चंद्रा और रानू सिन्हा उपस्थित थीं।