रजरप्पा के पठवा हनुमान मंदिर का 41वां स्थापना दिवस, 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन शुरू
रजरप्पा। सीसीएल रजरप्पा कोयलांचल के आवासीय कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध श्री श्री पठवा हनुमान मंदिर का 41वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार से 24 घंटे के अखंड हरिकीर्तन के साथ दो दिवसीय धार्मिक आयोजन प्रारंभ हो गया। इससे पूर्व पठवा हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष सह सेवई उत्तरी पंचायत के मुखिया कुलदीप सिंह के नेतृत्व में सचिव विजय ठाकुर एवं कोषाध्यक्ष नवीन कुमार ने बाभनधारा स्थित भैरवी नदी से पवित्र जल उठाया। पुजारी सुधाकर मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना और संकल्प कराया। इसके बाद कलश में पवित्र जल भरकर सभी लोग मंदिर पहुंचे। वहां कलश स्थापित कर विधिवत पूजन एवं आरती की गई। इसके पश्चात 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन शुरू हुआ।
आज होगा हवन, भक्ति जागरण और अटूट भंडारा
मंदिर समिति के अध्यक्ष सह मुखिया कुलदीप सिंह ने बताया कि 29 नवंबर को विधि-विधान के साथ हवन एवं पूजन कर अखंड हरिकीर्तन की पूर्णाहुति की जाएगी। संध्या में मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और भव्य आरती होगी। इसके बाद रात्रि में भक्ति जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्ति गीतों और आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय होगा। स्थापना दिवस पर श्रद्धालुओं के बीच अटूट भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की व्यवस्था की गई है।
आयोजन की तैयारी में जुटी मंदिर समिति
स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए मंदिर समिति के अध्यक्ष कुलदीप सिंह के नेतृत्व में संरक्षक उमेश महतो, सचिव विजय ठाकुर, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार सहित समिति के सभी सदस्य पूरी तत्परता से तैयारियों में जुटे हुए हैं।






