स्कूलों के 100 मीटर दायरे में नशे के खिलाफ चलेगा जांच अभियान
दवा दुकानों पर कसेगा शिकंजा, नशे में वाहन चलाने वालों पर भी होगी कार्रवाई
फोटो
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती की तैयारी की है। विद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं, दवा दुकानों की सघन जांच से लेकर सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाने तक के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार को जिला समाहरणालय के सभागार में डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति (एनकॉर्ड) की बैठक हुई। इसमें एसपी मुकेश कुमार लुनायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिले में नशा मुक्ति अभियान के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
स्कूलों के आसपास नशे के कारोबार पर वार
डीसी ने जिला शिक्षा अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को सभी विद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। विद्यालयों में भी नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया, ताकि बच्चों और किशोरों को नशे के दुष्परिणामों से बचाया जा सके।
दवा दुकानों की जांच, बिक्री और स्टॉक पर नजर
नशे के लिए इस्तेमाल की जा सकने वाली दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए उपायुक्त ने जिलेभर की दवा दुकानों में योजनाबद्ध तरीके से सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। ऐसी दवाओं की बिक्री और स्टॉक पर विशेष निगरानी रखने के साथ संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से जिला स्तर पर उपलब्ध कराने को कहा गया। इसका उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई करना है।
नशे में ड्राइविंग करने वालों की खैर नहीं
सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ जांच अभियान चलाने और पकड़े जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से इस दिशा में गंभीरता से काम करने को कहा, ताकि नशे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
सदर अस्पताल में जल्द शुरू होगा नशा मुक्ति केंद्र
नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार और सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीसी ने सिविल सर्जन को सदर अस्पताल, रामगढ़ परिसर में नशा मुक्ति केंद्र का जल्द उद्घाटन कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही नवंबर माह में एक सप्ताह तक व्यापक नशा मुक्ति अभियान चलाने को कहा गया। प्रभारी पदाधिकारी, सामान्य शाखा को इस दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी करने का निर्देश दिया गया।
रात में सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ेगी निगरानी
जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर रात के समय युवाओं और असामाजिक तत्वों द्वारा नशे का सेवन किए जाने की गतिविधियों पर भी बैठक में चर्चा हुई। डीसी ने ऐसे स्थानों को चिह्नित कर नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया। जरूरत के अनुसार पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
रोस्टर बनाकर चलेगा जागरूकता अभियान
डीसी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और रामगढ़ को नशामुक्त बनाने के लिए गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन के लिए रोस्टर तैयार करने तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभियान चलाने को कहा। बैठक में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने, युवाओं को नशे से दूर रखने और जिले में प्रभावी निगरानी व्यवस्था विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।






