कानून-व्यवस्था के खिलाफ भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन
बरकाकाना। झारखंड में बिगड़ती कानून-व्यवस्था एवं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा बरकाकाना मंडल ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर राज्य सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विगत 29 अक्टूबर की रात घरेलू हिंसा की आशंका के चलते सुरक्षा की गुहार लगाने गम्हरिया थाना पहुंची एक महिला के साथ थाना परिसर में दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में थाने में पदस्थापित वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं मामले की जांच के आधार पर थाना प्रभारी सहित छह पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निलंबित किया गया है। इस घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था, पुलिस प्रशासन की जवाबदेही और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस पुलिस प्रशासन पर आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी के थाना परिसर में इस तरह की घटना सामने आना बेहद चिंताजनक है। भाजपा बरकाकाना मंडल ने राज्य सरकार से मांग की कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा इस जघन्य घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। इस मौके पर बरकाकाना मंडल अध्यक्ष नूतन कुमार महतो, मंडल उपाध्यक्ष हरिलाल महतो,मंडल उपाध्यक्ष विजय लक्ष्मी शर्मा,मंडल उपाध्यक्ष अर्जुन अग्रवाल,मंडल मंत्री अमरनाथ कुमार, मंडल मंत्री पार्वती देवी,मंडल कार्यालय मंत्री श्याम सिंह, मिडिया प्रभारी बासु प्रजापति, विनोद प्रजापति मौजूद थे।






