मुरुबंदा के बंटी कुमार बने रेलवे में स्टेशन मास्टर, गुवाहाटी में मिली नियुक्ति, गांव में खुशी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। रामगढ़ जिले के चितरपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम मुरुबंदा निवासी बंटी कुमार का चयन भारतीय रेल सेवा में स्टेशन मास्टर के पद पर हुआ है। उन्होंने रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की एनटीपीसी स्नातक स्तरीय परीक्षा में प्रथम प्रयास में सफलता हासिल की है। उन्हें गुवाहाटी में स्टेशन मास्टर के पद पर नियुक्ति मिली है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे चितरपुर और रामगढ़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्व. महेंद्र ओहदार के पुत्र बंटी कुमार ने मैट्रिक की पढ़ाई बाल विद्या मंदिर, आरा कॉलोनी, रामगढ़ से, इंटर की शिक्षा किसान मजदूर इंटर कॉलेज, हजारीबाग से और गणित विषय से स्नातक की पढ़ाई रामगढ़ कॉलेज, रामगढ़ से पूरी की। उन्होंने रामगढ़ में रहकर ही सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की और पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त की। बंटी की सफलता में उनकी माता बबीता देवी और बड़े भाई पप्पू कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके परिवार को दादा स्व. रामजी ओहदार का आशीर्वाद मिलता रहा, जो छोटकीपोना के पूर्व मुखिया थे। इसके अलावा स्व. मंगल ओहदार, स्व. मुटुकधारी ओहदार एवं युगल महतो का भी उन्हें मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। बंटी कुमार की सफलता पर देवेंद्र ओहदार, धीरेंद्र ओहदार (सीआई, भारतीय रेलवे), पवन कुमार, पॉवेल कुमार (रिसोर्स शिक्षक), कैलाश महतो, भीष्मदेव कुमार, बबलू, मुकेश कुमार, राहुल कुमार सहित ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।






