विश्व पर्यटन दिवस पर रजरप्पा मंदिर क्षेत्र में चला स्वच्छता अभियान
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत रविवार को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रजरप्पा मंदिर पर्यटन क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के साथ-साथ आम लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना था। अभियान में सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के सीएसआर अधिकारी आशीष झा मुख्य रूप से उपस्थित थे। उनके साथ रजरप्पा क्षेत्र से बिकास राय एवं रितिक कुमार ने भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान 25 से अधिक सफाई सैनिकों ने श्रमदान करते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के पर्यटन क्षेत्र की साफ-सफाई की। अभियान में सेवा फाउंडेशन की ओर से सुमन एवं उनके वालंटियर्स ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। सीएसआर अधिकारी आशीष झा ने कहा कि रजरप्पा मंदिर न केवल हमारी आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि झारखंड के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में भी इसकी विशेष पहचान है। ऐसे स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता ही सेवा 2026 के माध्यम से हमारा प्रयास है कि स्वच्छता को केवल एक अभियान न मानकर इसे हमारी आदत और सामुदायिक जिम्मेदारी बनाया जाए। विश्व पर्यटन दिवस पर किया गया यह स्वच्छता अभियान इसी भावना का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ और सुंदर पर्यटन स्थलों का निर्माण संभव है। इस दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के दुकानदारों को भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया और उनसे अपनी दुकानों एवं आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने एवं पर्यटक स्थल की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।






