छठ घाटों की तैयारियों को लेकर डीसी सख्त, दीपावली से पहले सभी काम पूरा करने का निर्देश
रामगढ़। छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को डीसी ऋतुराज ने रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कैथा प्राचीन मंदिर के समीप स्थित तालाब का भी भ्रमण किया और संबंधित अधिकारियों को दीपावली से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। डीसी ने स्पष्ट कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
घाटों पर रोशनी से लेकर सुरक्षा तक की होगी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान डीसी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन को सभी छठ घाटों पर युद्धस्तर पर काम कराने का निर्देश दिया। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, जलाशयों में सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए रास्तों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
शुक्रवार को होगी तैयारियों की समीक्षा
डीसी ने बताया कि शुक्रवार को रामगढ़ नगर परिषद एवं रामगढ़ छावनी परिषद क्षेत्र के छठ घाटों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए दोनों निकायों के संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यों का अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन लेकर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
निरीक्षण में ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रंधीर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन, नगर प्रबंधक राजीव रंजन एवं मेघनाथ चौधरी तथा सफाई पर्यवेक्षक रोशन कुमार उपस्थित थे।






