BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

डिजिटल भुगतान पर शुल्क का फैसला जनविरोधी : प्रवीण शर्मा


भुरकुंडा। हाल ही में लागू हुए नए डिजिटल भुगतान नियमों को लेकर रामगढ़ के व्यापारिक समुदाय में भारी आक्रोश है। दो हजार रुपये से अधिक के यूपीआई ट्रांजैक्शन पर मर्चेंट से 0.4 प्रतिशत चार्ज काटने के प्रावधान का व्यापारियों ने कड़ा विरोध जताया है। शुक्रवार को ​रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संरक्षक सदस्य प्रवीण शर्मा ने प्रेस बयान जारी कर इस फैसले पर कड़ी आपत्ति जताते हुए केंद्र सरकार से इसे तुरंत वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया की दिशा में आगे बढ़ रहे देश में इस तरह का शुल्क लगाना व्यापारी और उपभोक्ता दोनों के लिए नुकसानदेह है। ​उन्होंने कहा कि व्यापारी इस अतिरिक्त वित्तीय बोझ को खुद वहन नहीं कर पाएंगे, जिससे अंततः यह चार्ज उपभोक्ताओं की जेब पर ही भारी पड़ेगा। जब विक्रेता सामान की कीमत में इस शुल्क को जोड़कर बेचेगा, तो क्रेता को भी हर वस्तु महंगे दाम पर खरीदनी होगी। प्रवीण शर्मा ने कहा कि जहां एक तरफ सरकार कैशलेस अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी तरफ डिजिटल लेनदेन पर चार्ज लगाकर कारोबारियों को हतोत्साहित किया जा रहा है। इस फैसले से रामगढ़ के स्थानीय व्यापारियों में गहरा रोष व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया, तो हमें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।