रेल कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा, 13 मुद्दों का तत्काल समाधान
बरकाकाना। ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन और धनबाद मंडल रेल प्रशासन के बीच 15 एवं 16 अक्टूबर 2026 को आयोजित दो दिवसीय स्थायी वार्ता तंत्र पीएनएम की बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में रेल कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कुल 88 मदों को एजेंडे में शामिल किया गया, जिनमें से 13 मदों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया गया। शेष मुद्दों पर रेल प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में यूनियन की ओर से केंद्रीय कोषाध्यक्ष शैलेश कुमार, मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार साव एवं मंडल सचिव सुनील कुमार सिंह ने कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। केंद्रीय कोषाध्यक्ष शैलेश कुमार ने रनिंग स्टाफ के पीएंडसी समय को 15 मिनट से बढ़ाकर 30 मिनट करने तथा एक वर्ष से अधिक समय से लंबित ओवरटाइम, यात्रा भत्ता और अन्य बकाया भुगतान को चेंज कार्ड के माध्यम से कराने की मांग रखी। प्रशासन ने पीएंडसी का समय बढ़ाकर 30 मिनट करने का निर्णय लिया तथा लंबित भुगतान के निपटारे का आश्वासन दिया। मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार साव ने रेलवे क्वार्टरों की मरम्मत में तेजी लाने, सीआईसी लाइन में स्थानांतरण के इच्छुक रनिंग कर्मचारियों की समस्याओं तथा रेल पटरियों पर पेट्रोलिंग करने वाले इंजीनियरिंग कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं, मंडल सचिव सुनील कुमार सिंह ने रनिंग रूम में बेड एवं कमरों की संख्या बढ़ाने, सुविधाओं के आधुनिकीकरण, रनिंग रूम से यार्ड तक सुरक्षित पाथवे, महिला कर्मचारियों के लिए अलग चेंजिंग रूम तथा इंजीनियरिंग विभाग के गैंगहट में बेहतर उपकरण और पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक (DRM) सहित रेल प्रशासन के अधिकारियों ने यूनियन की मांगों को गंभीरता से सुना। सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, रनिंग रूम की सुविधाओं में सुधार तथा अन्य कर्मचारी हित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिया गया।
यूनियन ने उम्मीद जताई कि बैठक में लिए गए निर्णयों और दिए गए आश्वासनों को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, जिससे धनबाद मंडल के रेल कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं और समस्याओं से राहत मिल सकेगी।






