BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

होमगार्ड बहाली: गोला और चितरपुर के 1,096 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा


रामगढ़। सिद्धू-कान्हू मैदान में चल रही होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत सोमवार को गोला एवं चितरपुर प्रखंड के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में दोनों प्रखंडों के कुल 1,919 अभ्यर्थियों में से 1,096 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 823 अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन की निगरानी में परीक्षा का संचालन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया।

गोला की 892 महिला अभ्यर्थियों ने लिया भाग

सोमवार को गोला प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की गई। इसके लिए कुल 1,439 अभ्यर्थी निर्धारित थे, जिनमें से 892 उपस्थित रहीं, जबकि 547 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहीं।

वहीं, चितरपुर प्रखंड के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए आयोजित परीक्षा में कुल 480 अभ्यर्थियों में से 204 शामिल हुए और 276 अनुपस्थित रहे।

सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष नजर

बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा स्थल पर प्रवेश और निकास, अनुशासन तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी गई। मैदान में केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई। वहीं, परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहा।

आज शहरी क्षेत्र और रामगढ़ प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा

निर्धारित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार, 3 नवंबर को शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र के पुरुष अभ्यर्थियों एवं रामगढ़ प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर परीक्षा स्थल पहुंचने तथा बहाली से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।