मौसम की मार से बदला होमगार्ड बहाली का कार्यक्रम, अब 6 नवंबर तक होगी परीक्षा
रामगढ़। चक्रवाती तूफान और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने रामगढ़ में होमगार्ड बहाली की प्रक्रिया का कार्यक्रम बदल दिया है। प्रतिकूल मौसम और जलभराव की स्थिति को देखते हुए स्थगित की गई शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा की संशोधित तिथियां जिला प्रशासन ने जारी कर दी हैं। अब 2 से 6 नवंबर तक अलग-अलग प्रखंडों और शहरी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
2 से 6 नवंबर तक अलग-अलग प्रखंडों की परीक्षा
जिला प्रशासन के अनुसार, 2 नवंबर को गोला प्रखंड की महिला तथा चितरपुर प्रखंड के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। 3 नवंबर को सुबह 5 बजे शहरी गैर-तकनीकी पुरुष अभ्यर्थियों और सुबह 8 बजे रामगढ़ प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं, 4 नवंबर को सुबह 5 बजे शहरी गैर-तकनीकी महिला तथा सुबह 8 बजे रामगढ़ प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी।
इसी तरह 5 नवंबर को सुबह 5 बजे शहरी तकनीकी वर्ग के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। जबकि 6 नवंबर को सुबह 5 बजे पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी।
सिद्धू-कान्हू मैदान में होगा परीक्षा का आयोजन
सभी परीक्षाएं सिद्धू-कान्हू मैदान, रामगढ़ में आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत अन्य सभी अभ्यर्थी अपने प्रखंड एवं शहरी क्षेत्र के अनुसार निर्धारित तिथि और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना सुनिश्चित करें।
परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर रोक
परीक्षा स्थल पर केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति होगी। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित समय पर उपस्थित होने और बहाली प्रक्रिया से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि गृह रक्षा वाहिनी की बहाली प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।






