दुलमी की जिप सदस्य के पति का निधन, अंतिम संस्कार में सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि हुए शामिल
फोटो01 :
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। दुलमी की जिला परिषद सदस्य प्रीति दीवान के पति एवं दीवान चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन अरूण दिवान का सोमवार को निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम की व्यवस्था कराई। तत्पश्चात उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किया और अंतिम संस्कार में शामिल होकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि आज का यह दिन अत्यंत पीड़ादायक है। स्व. अरुण दीवान का इस प्रकार असमय चले जाना एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी वेदना लंबे समय तक हृदय को व्यथित करती रहेगी। उनका निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों के लिए भी एक गहन आघात है। सांसद ने इस दुःख की घड़ी में शोक संतप्त जिप सदस्य प्रीति दीवान एवं उनके समस्त परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से प्रार्थना की कि वे शोकाकुल परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति, धैर्य एवं संबल प्रदान करें। अंतिम संस्कार में जिप सदस्य जलेश्वर महतो, धनेश्वर महतो, आजसू के केंद्रीय सचिव ब्रह्मदेव महतो, अमृतलाल मुंडा, मनोज महतो, मुखिया किशुन राम मुंडा, भानुप्रकाश महतो, लालबिहारी महतो, ब्रजनंदन महतो, बलराम महतो, पंकज कुमार, दिलीप महतो सहित कई जनप्रतिनिधि, आजसू पार्टी के कई कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।






