BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

एटीएम से छेड़छाड़ कर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़



यूपी-बिहार के चार शातिर गिरफ्तार, 18 एटीएम कार्ड, नकदी और मशीनों से छेड़छाड़ के औजार बरामद


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

पतरातू। एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर अवैध निकासी करने, ग्राहकों के कार्ड बदलकर ठगी करने और फर्जी हेल्पलाइन नंबर के जरिए लोगों को ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का रामगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बरकाकाना ओपी क्षेत्र में एसबीआई एटीएम के पास छापेमारी कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 18 एटीएम कार्ड, 8,970 रुपये नकद, मशीनों से छेड़छाड़ में इस्तेमाल होने वाले औजार, मोबाइल फोन और दो स्कूटी बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी मनीष कुमार (28) और बिहार के मधुबनी निवासी मो. आसिफ (30), पटना निवासी सूरज कुमार (37) तथा नवादा निवासी आयुष कुमार (25) के रूप में हुई है।

एटीएम में छेड़छाड़ और कार्ड बदलकर करते थे ठगी

गुरुवार को पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पतरातू अनुमंडल क्षेत्र में एटीएम मशीनों से छेड़छाड़, ग्राहकों के कार्ड बदलकर अवैध निकासी और फर्जी हेल्पलाइन नंबर के जरिए ठगी की शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में बासल और पतरातू थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहायता के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी और बरकाकाना ओपी क्षेत्र स्थित एसबीआई एटीएम के पास दो स्कूटी पर घूम रहे चार लोगों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

18 एटीएम कार्ड और ठगी के औजार बरामद

पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से अलग-अलग लोगों के 18 एटीएम कार्ड और 8,970 रुपये नकद मिले। इसके अलावा एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ में इस्तेमाल होने वाले इंजीनियरिंग टूल्स, चार एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल और दो स्कूटी जब्त की गईं। इनमें एक ग्रे रंग की स्कूटी पर यूपी 16 एफआर 1582 नंबर अंकित है, जबकि दूसरी काले रंग की स्कूटी बिना नंबर की है।

पूछताछ में अवैध निकासी की बात स्वीकारने का दावा

एसडीपीओ के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पिछले दिनों एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर अवैध निकासी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, चारों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

छापेमारी दल में कई थानों के अधिकारी शामिल

कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक पतरातू सत्येंद्र कुमार सिंह, बासल थाना प्रभारी अन्नत कुमार, पतरातू थाना प्रभारी विकास आर्यन, भुरकुंडा ओपी प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, तकनीकी शाखा के नौशाद अहमद, बरलंगा थाना प्रभारी अशोक कुमार, बरकाकाना ओपी के राजेंद्र उरांव, बिपिन बिहारी सिंह, परीक्षित महतो सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।