अर्धवार्षिक परीक्षा में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, बढ़ाया उत्साह
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। शहर के गोला रोड स्थित रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में अर्धवार्षिक परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के वंदना सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी भैया-बहनों को परीक्षाफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव शंकर लाल अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीप्रवीण एवं परीक्षा प्रमुख महेश्वर महतो के साथ संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को परीक्षाफल प्रदान किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
लक्ष्य को प्राप्त करने की प्रेरणा दी गई
इस दौरान विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति निरंतर समर्पित रहने, नियमित अभ्यास करने तथा अनुशासन और परिश्रम के बल पर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की प्रेरणा दी गई। वक्ताओं ने कहा कि परीक्षा परिणाम विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इससे उन्हें अपनी उपलब्धियों का आकलन करने और कमियों को दूर कर आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ उनमें अध्ययन के प्रति रुचि, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना को प्रोत्साहित करना था। मौके पर विद्यालय के सभी भैया-बहन एवं आचार्य-दीदी उपस्थित रहे।






