BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जमीन कब्जे के खिलाफ मोर्चा का हल्लाबोल, डीसी को सौंपा ज्ञापन


800 एकड़ जंगल समेत आठ स्थलों की जांच के लिए एसआईटी गठन की मांग

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। जिले में सरकारी, गैरमजरुआ, वन एवं धार्मिक स्थलों की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और खरीद-बिक्री के खिलाफ किसान बेरोजगार संघर्ष मोर्चा ने बुधवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। मोर्चा ने भू-माफियाओं पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन कब्जाने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा। संगठन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। मोर्चा के केंद्रीय संयोजक पंकज महतो ने कहा कि जिले में भू-माफियाओं और अंचल कार्यालय व वन विभाग के कुछ पदाधिकारियों एवं कर्मियों की कथित मिलीभगत से सरकारी जमीन की लूट की जा रही है। ज्ञापन में आठ प्रमुख स्थलों पर अवैध कब्जे और जमीन के फर्जीवाड़े का मामला उठाया गया है।

रांची रोड में दर्जनों एकड़ जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मुद्दा उठाया

इसमें रांची रोड रउता स्थित लगभग 800 एकड़ जंगल की जमीन पर कब्जे का आरोप प्रमुख है। इसके अलावा कुंदरू खुर्द स्थित राधा-कृष्ण मठ की 17 एकड़ 18 डिसमिल जमीन पर फर्जी कागजात के आधार पर बाउंड्रीवाल निर्माण, झंडा चौक स्थित सार्वजनिक तालाब को मिट्टी से भरने, साईं मंदिर के समीप केसर-ए-हिंद जमीन, लोहार टोला के पारंपरिक होलिका दहन स्थल, रामगढ़ शनिश्चरा हाट, बाजार समिति के पीछे की सरकारी जमीन तथा रांची रोड मरार में दर्जनों एकड़ जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मुद्दा उठाया गया।

एसआईटी जांच की मांग

मोर्चा ने सभी आठ चिन्हित स्थलों की भौतिक एवं अभिलेखीय जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की है। साथ ही कथित फर्जी दस्तावेज, अवैध जमाबंदी और दाखिल-खारिज को रद्द कर सरकारी एवं सार्वजनिक जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई। संगठन ने फर्जीवाड़े में शामिल लोगों और उन्हें संरक्षण देने वाले दोषी अधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की भी मांग रखी।

सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी

रामकुमार कश्यप ने कहा कि जमीन की लूट के खिलाफ बहुत जल्द बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन जनहित और सरकारी संपत्ति की रक्षा के लिए ठोस कार्रवाई नहीं करता है, तो मोर्चा चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।

ये थे उपस्थित 

मौके पर दीपक मिश्रा, विजय दुबे, कालेश्वर कुशवाहा, शिवदेव कुशवाहा, अमित गुप्ता, अमित पटेल, विनोद कुशवाहा, कालीचरण कुशवाहा, राजेश साव, गोवर्धन मुंडा, रोशन तिवारी, शशि मुंडा, रजूल अंसारी, दिनेश वर्मा, पंकज मलिक, रूबी देवी, संगीता देवी, सुनीता देवी, पिंकी देवी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।