BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

42 हजार मीट्रिक टन कचरा हटने के बाद प्लांट निर्माण का रास्ता साफ, 31 मार्च तक पूरा होगा काम


रामगढ़। रामगढ़ में कचरा प्रबंधन की वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पहल तेज हो गई है। मुर्रामकलां स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। करीब 42 हजार मीट्रिक टन से अधिक पुराने कचरे को हटाकर स्थल को प्लांट निर्माण के लिए तैयार कर लिया गया है। मंगलवार को डीसी ऋतुराज ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए हर हाल में 31 मार्च 2027 तक प्लांट से जुड़ी सभी आधारभूत संरचनाओं का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया।

42 हजार टन कचरा हटाना थी सबसे बड़ी चुनौती

प्रस्तावित प्लांट स्थल पर लंबे समय से करीब 42 हजार मीट्रिक टन से अधिक कचरा जमा था। लगभग दो माह पूर्व डीसी ने नगर परिषद एवं संबंधित एजेंसी को इस कचरे को हटाने का निर्देश दिया था। लगातार भारी बारिश के कारण कचरा हटाने का काम चुनौतीपूर्ण हो गया था। इसके बावजूद डीसी ने नियमित निगरानी करते हुए पिछले दो माह में तीन बार स्थल का निरीक्षण किया। लगातार प्रयासों के बाद अब स्थल प्लांट निर्माण के लिए तैयार हो गया है।

प्लांट और बाउंड्री वॉल का निर्माण साथ-साथ होगा

निरीक्षण के दौरान डीसी ने निर्माण एजेंसी को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्लांट निर्माण के साथ ही बाउंड्री वॉल का काम भी समानांतर रूप से कराया जाए। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि 31 मार्च 2027 तक सभी आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण हर हाल में पूरा होना चाहिए, ताकि प्रतिदिन निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन शुरू किया जा सके।

पुराने कचरे के निष्पादन के लिए बनेगी डीपीआर

स्थल पर पहले से जमा पुराने कचरे के निष्पादन को लेकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि इसके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराया जाएगा। विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार पुराने कचरे के निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

बाउंड्री वॉल के धीमे काम पर जताई नाराजगी

डीसी ने स्थल पर चल रहे बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। निर्माण की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही रामगढ़ नगर परिषद और छावनी परिषद के अधिकारियों को प्लांट शुरू होने तक प्रतिदिन निकलने वाले कचरे के व्यवस्थित डंपिंग एवं प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके लिए उपलब्ध मशीनरी और संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का निर्देश दिया गया।

समन्वय बनाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करें

डीसी ने कहा कि रामगढ़ में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियां और निकाय आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करें।

ये थे उपस्थित 

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रंधीर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन, नगर प्रबंधक राजीव रंजन एवं मेघनाथ चौधरी, रामगढ़ छावनी परिषद के प्रतिनिधि, संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि प्रमोद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।