BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

डीएवी रजरप्पा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं में जीते 61 पदक


रजरप्पा। रजरप्पा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 61 पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। दिल्ली स्थित विभिन्न डीएवी विद्यालयों में 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यालय के 127 खिलाड़ियों ने नेटबॉल, खो-खो, कुश्ती, भारोत्तोलन, वुशू एवं कराटे में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने 30 स्वर्ण, 11 रजत और 20 कांस्य पदक अपने नाम किए। नेटबॉल और खो-खो की टीमों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। नेटबॉल अंडर-19 बालक वर्ग की टीम चैंपियन बनी और टीम के खिलाड़ियों ने 12 स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं खो-खो अंडर-17 बालक वर्ग की टीम ने 7 स्वर्ण और अंडर-19 बालिका वर्ग की टीम ने 5 स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में कराटे में श्लोक शिवम, कुश्ती में सूर्यकांत, रुद्र प्रताप और आदित्य, वुशू में शशि शेखर एवं भारोत्तोलन में अदनान परवेज ने स्वर्ण पदक हासिल किया। खो-खो अंडर-14 बालिका वर्ग की टीम ने उपविजेता बनकर 7 रजत पदक हासिल किए। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में कुश्ती में तनु गोप एवं प्रशांत कुमार, वुशू में दीपक कुमार और भारोत्तोलन में अयान खान ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नेटबॉल अंडर-14 बालक वर्ग की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए 12 कांस्य पदक हासिल किए। इसके अतिरिक्त कुश्ती में त्रिशा रानी, बिशेक, ऋतुराज एवं अनस, वुशू में नितेश तथा भारोत्तोलन में यशवर्धन कुमार, इच्छा कुमारी एवं आयुष कुमार ने कांस्य पदक जीते। इस उपलब्धि पर सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के महाप्रबंधक जीके राठौर, झारखंड प्रक्षेत्र के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी तापस घोष एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. साहू ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। खिलाड़ियों की सफलता में विद्यालय के खेल शिक्षक मनीष कुमार सिंह एवं खेल शिक्षिका शुभलता कुमारी के योगदान की सराहना की गई। इसके अलावा अर्नब कुमार मन्ना, रजनीश, जगन्नाथ प्रसाद, निशा सिन्हा, आयशा मस्कूर एवं दिव्या सिन्हा के योगदान को भी सराहा गया।