BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में, 50 केंद्रों पर 20,293 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा


डीसी के निर्देश पर दंडाधिकारियों व पदाधिकारियों ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
फोटो02 :
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़/गोला। आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटीईटी) को सफल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर अधिकारियों ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों ने अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।

सीटिंग प्लान से लेकर सीसीटीवी तक की जांच

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। परीक्षा कक्षों की स्थिति, निर्धारित सीटिंग प्लान, परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की जानकारी ली गई। इसके अलावा पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था, परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग, आवश्यक अभिलेखों के संधारण, वीक्षकों एवं अन्य प्रतिनियुक्त कर्मियों की उपलब्धता और परीक्षा संचालन से संबंधित दिशा-निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की।

समय से पहले पूरी हों सभी तैयारियां : डीसी

उपायुक्त ऋतुराज ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं। किसी भी केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं अथवा परीक्षा संचालन से जुड़ी कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त कर्मियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने एवं निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

50 केंद्रों पर 20,293 अभ्यर्थी होंगे शामिल

गौरतलब है कि जेटीईटी 2026 के आयोजन के लिए रामगढ़ जिले में कुल 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली में 13,734 और द्वितीय पाली में 6,559 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस प्रकार जिले में कुल 20,293 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगी, जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक निर्धारित है।