BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

धान की फसल कटाई कर उत्पादकता का किया गया आकलन


डूडगी गांव में 50 वर्गमीटर में हुआ फसल कटनी प्रयोग, 19 किलो धान का हरा वजन दर्ज

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। जिले में अगहनी धान की वास्तविक उत्पादकता का आकलन करने के लिए फसल कटनी प्रयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को चितरपुर प्रखंड के डूडगी गांव में निर्धारित प्रक्रिया के तहत धान की फसल कटाई कर उत्पादन का आकलन किया गया।

50 वर्गमीटर में की गई धान की कटाई

डीसी ऋतुराज के निर्देश पर ग्राम डूडगी, पंचायत बड़की पोना में किसान नीलकंठ महतो के प्लॉट संख्या 341 पर फसल कटनी प्रयोग कराया गया। इसके तहत निर्धारित 10×5 मीटर यानी 50 वर्गमीटर क्षेत्र में धान की कटाई की गई। कटाई के बाद प्राप्त धान का हरा वजन 19 किलोग्राम दर्ज किया गया। इस दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शंकर प्रसाद सिंह, संकलन पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, हजारीबाग के निरीक्षण पदाधिकारी तथा बीमा कंपनी के निरीक्षण पदाधिकारी मौजूद रहे।

फसल बीमा के लिए भी महत्वपूर्ण हैं आंकड़े

फसल कटनी प्रयोग के माध्यम से धान की वास्तविक उत्पादकता का वैज्ञानिक और पारदर्शी तरीके से आकलन किया जाता है। इससे प्राप्त आंकड़े कृषि उत्पादन का अनुमान लगाने के साथ फसल बीमा योजना के तहत किसानों को मिलने वाली संभावित क्षतिपूर्ति के निर्धारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विभिन्न क्षेत्रों में हो रही निगरानी

जिला प्रशासन की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फसल कटनी प्रयोग की निगरानी की जा रही है। इसका उद्देश्य वास्तविक उत्पादन के आंकड़ों का सही संकलन करना और किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है।