पतरातू। छपार रेलवे हॉल्ट के समीप ड्यूटी के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से बुधवार को रेलकर्मी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान किरीगढ़ा पतरातू निवासी भूखन सिंह के पुत्र मूलचंद कुमार सिंह 33 वर्षीय के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मूलचंद कुमार सिंह छपार रेलवे हॉल्ट के पास पोल संख्या 132/28-30 के समीप डाउन लाइन पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक अवर दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में वह आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही रेल प्रशासन और बुढ़मू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स रांची भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।







