गोला प्रखंड-अंचल कार्यालय में औचक निरीक्षण, गैरहाजिर कर्मियों के वेतन पर रोक
कार्यालयों में ताला मिलने पर अधिकारियों को नोटिस, एक सप्ताह में मांगा अनुपालन प्रतिवेदन
अनिल विश्वकर्मा
रामगढ़। सरकारी कार्यालयों में लापरवाही और कार्यों में अनावश्यक देरी को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को डीसी ऋतुराज ने गोला प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, सरकारी योजनाओं की प्रगति और जन शिकायतों के निष्पादन की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों एवं कर्मियों के एक दिन के वेतन पर रोक लगाते हुए बीडीओ से स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं, जिन कार्यालयों में ताला लगा मिला, उनके संबंधित प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब देने का निर्देश दिया गया।
लापरवाही पर डीसी ने दिखाई सख्ती
निरीक्षण के दौरान डीसी ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में समय पर उपस्थिति और आमजनों के कार्यों का नियमित निष्पादन हर अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है। कार्यालयों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को कार्य संस्कृति में सुधार लाने और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
योजनाओं के भुगतान और लंबित आवेदनों की समीक्षा
डीसी ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत लाभुकों को किए जा रहे भुगतान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होने देने का निर्देश दिया। इसके अलावा लंबित जन शिकायतों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने को कहा।
अंचल कार्यालय में अनावश्यक आवाजाही पर नाराजगी
अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान परिसर में अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों के मामले को डीसी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि कार्यालय में अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाई जाए, ताकि सरकारी कार्यों में व्यवधान उत्पन्न न हो। इस मामले में अंचल अधिकारी को सख्त नोटिस जारी करते हुए संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सीसीटीवी दुरुस्त करने और एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश
डीसी ने अंचल कार्यालय सहित संबंधित कार्यालयों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील करने और इसकी स्थिति का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही पूर्व के निरीक्षण में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया।
समय सीमा में पूरे हों विकास कार्य
निरीक्षण के अंत में डीसी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, आधारभूत संरचना और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी निर्धारित समय सीमा में जनहित के कार्यों, सरकारी योजनाओं और विकास योजनाओं को पूरा करें। जिला प्रशासन की प्राथमिकता पारदर्शी व्यवस्था, जवाबदेही और आमजनों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।






