अखंड हरिकीर्तन की हवन-पूजन के साथ हुई पूर्णाहुति, अटूट भंडारा का हुआ आयोजन
रजरप्पा। सीसीएल रजरप्पा कोयलांचल के आवासीय कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध श्री श्री पठवा हनुमान मंदिर का 41वां स्थापना दिवस रविवार को धूमधाम से मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भक्ति जागरण और अटूट भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर में चल रहे 24 घंटे के अखंड हरिकीर्तन की हवन-पूजन के साथ पूर्णाहुति की गई। इसके बाद संध्या में हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं भव्य आरती संपन्न हुई। धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया। रात्रि में आयोजित भक्ति जागरण में धनबाद से आई टीम ने भक्ति गीतों एवं आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों और झांकियों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए अटूट भंडारे का भी आयोजन किया गया। इसमें हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। स्थापना दिवस को लेकर पूरे मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया था। साथ ही आकर्षक विद्युत सज्जा की गई थी, जिससे मंदिर परिसर की शोभा देखते ही बन रही थी। स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने में पठवा हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष सह सेवई उत्तरी पंचायत के मुखिया कुलदीप सिंह के नेतृत्व में संरक्षक उमेश महतो, सचिव विजय ठाकुर, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार सहित समिति के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






