मतदाता सूची की शुद्धता के लिए 4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगी ‘चुनाव पाठशाला’
रामगढ़। मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से 4 नवंबर को रामगढ़ जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए-2 एवं बीएलओ की पांचवीं बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर ‘चुनाव पाठशाला’ भी लगाई जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी ऋतुराज के मार्गदर्शन में निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से इसकी तैयारी की गई है।
मतदाताओं की नामवार सूची पढ़कर सुनाई जाएगी
इस विशेष कार्यक्रम के दौरान प्रपत्र-2 में अंकित उन मतदाताओं की नामवार सूची प्रकाशित की जाएगी, जिन्होंने नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इस सूची को बीएलओ, बीएलए-2 और चुनाव पाठशाला में उपस्थित नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाया जाएगा। इस दौरान बीएलए-2 और आम नागरिकों से आवश्यक जानकारी, सुझाव एवं आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी।
नाम जोड़ने और सुधार की मिलेगी जानकारी
चुनाव पाठशाला में नागरिकों को मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने, नाम एवं पता में सुधार कराने तथा अपनी मतदाता प्रविष्टि की स्थिति जांचने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी अपात्र या विदेशी नागरिक का नाम सूची में दर्ज न हो।
प्रशासन ने की मतदान केंद्र पहुंचने की अपील
जिला प्रशासन ने रामगढ़ के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 4 नवंबर को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर चुनाव पाठशाला का लाभ उठाएं। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक जानकारी एवं सुझाव देकर मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।






