भुरकुंडा। भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत बिचा गांव से दो नाबालिग किशोर लापता हो गए हैं। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। इस संबंध में गुरुवार को ओपी प्रभारी मो अख्तर अली ने बताया कि बिचा गांव निवासी भरथ सिंह का 16 वर्षीय पुत्र युराज सिंह उर्फ भोला और धनेश्वर सिंह का 15 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार गत 25 अक्टूबर की दोपहर लगभग 2:30 बजे बासल थाना क्षेत्र के केंदुवा ढिपा, जराद स्थित मैदान में फुटबॉल मैच देखने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद से ही दोनों वापस नहीं लौटे हैं। परिजनों के अनुसार लापता दोनों किशोर मानसिक रूप से कमजोर हैं और अपना नाम व सही पता बताने में सक्षम नहीं हैं। पुलिस व परिजनों ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि दोनों किशोरों के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिले तो दिए गए मोबाइल नंबर 9934144090 पर सूचित करें।







