ए ला एंग्लाइज स्कूल में जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित
भुरकुंडा। ए ला एंग्लाइज स्कूल में आयोजित प्रातःकालीन सभा में विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेताओं के बीच प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के उपप्राचार्य धर्मेश सोनी ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह प्रतियोगिता रामकृष्ण मिशन, मोरहाबादी, रांची एवं मां बनजारी प्राइवेट आईटीआई, घुटुवा के संयुक्त तत्वावधान में नए भारत के निर्माण के लिए आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता थी। इसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर कक्षा आठवीं की छात्रा शैल्वी तिवारी, द्वितीय स्थान पर सातवीं कक्षा की रिद्धि कुमारी तथा तृतीय स्थान पर पांचवीं कक्षा के शिवराज कुमार ने प्राप्त किया। वहीं विद्यालय में सीबीएसई आर्यभट्ट गणित चैलेंज के प्रथम चरण का सफलतापूर्वक आयोजन भी संपन्न हुआ। मौके पर विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां न केवल उनकी मेहनत का परिणाम हैं, बल्कि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं निरंतर मार्गदर्शन का भी प्रमाण हैं।






