BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

झारखंड में वन प्रबंधन के डिजिटलीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल


रांची, शुक्रवार। झारखंड वन विभाग ने वन प्रबंधन एवं पौधरोपण योजनाओं की निगरानी को आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए झारखंड सिल्वीकल्चर एवं प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम (JSPMS) पोर्टल का शुभारंभ किया। इसका उद्घाटन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, झारखंड श्री संजीव कुमार ने किया।
इस अवसर पर श्री संजीव कुमार ने कहा कि इस डिजिटल पोर्टल के माध्यम से राज्य के सभी प्रादेशिक, वन्यप्राणी एवं सामाजिक वानिकी प्रमंडलों में संचालित पौधरोपण एवं सिल्वीकल्चर योजनाओं की निगरानी और समीक्षा अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से की जा सकेगी।
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक विकास श्री डी वेंकटेश्वर लू ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से योजनाओं से संबंधित आंकड़े, वर्षवार पौधरोपण स्थलों की तस्वीरें एवं भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) आधारित के एम एल फाइल अपलोड की जा सकेंगी। इसमें वर्षवार, योजनावार एवं प्रमंडलवार प्रगति की समीक्षा के लिए विश्लेषणात्मक डैशबोर्ड के साथ एक्सेल एवं पीडीएफ में रिपोर्ट डाउनलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
इस प्रणाली से पौधरोपण कार्यों की नियमित निगरानी, डिजिटल अभिलेखों का बेहतर संधारण तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं अध्यक्ष, झारखंड जैव विविधता बोर्ड श्री विश्वनाथ शाह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं कार्यकारी निदेशक, बंजर भूमि विकास बोर्ड श्री ए.टी. मिश्रा, वन संरक्षक श्री पी.आर. नायडू, श्री विजय शंकर दुबे, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रशासन श्री अजिंक्य बनकर,श्री विनय कांत मिश्रा, वन प्रमंडल पदाधिकारी रांची श्रीकांत वर्मा, वन प्रमंडल पदाधिकारी वन्य प्राणी प्रमंडल राँची श्री अवनीश चौधरी आदि उपस्थित थे।