logo

सामाजिक अंकेक्षण को लेकर जागरूकता रथ रवाना, सही लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर


सामाजिक अंकेक्षण को लेकर जागरूकता रथ रवाना, सही लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

पलामू: केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण को लेकर पलामू जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और गांवों में जाकर लोगों को राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम  के तहत संचालित योजनाओं इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी दिव्यांग पेंशन योजना एवं राष्ट्रीय परिवार हित लाभ योजना के सामाजिक अंकेक्षण के बारे में जागरूक करेगा।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि सामाजिक अंकेक्षण के दौरान पंचायत और ग्राम स्तर पर लाभुकों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा तथा दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके लिए लाभुकों को निर्धारित तिथि पर आधार कार्ड, वोटर आईडी, बैंक पासबुक और आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
उपायुक्त समीरा एस ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अंकेक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाना है, ताकि वास्तविक लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे जागरूकता रथ से प्राप्त जानकारी का लाभ उठाएं और सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लें।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।