पूर्वी सिंहभूम, 24 मार्च।
सामाजिक और सांस्कृतिक संस्था अन्वेषा के तत्वावधान में ठाकुर श्री रामकृष्ण परमहंस देवजी की जन्मतिथि के उपलक्ष्य में भालूबासा स्थित मिष्टी इन प्रेक्षागृह में मंगलवार को वसंत उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बोड़ाम में मेटल्ला स्थित श्री रामकृष्ण शारदा आश्रम से आईं चिन्मयी पुरी एवं आनंदमयी पुरी माताजी तथा जमशेदपुर रामकृष्ण मिशन विवेकानंद सोसाइटी के स्वामी महाभाबानंदजी महाराज (रंजीत महाराज) की उपस्थिति में हुई। कार्यक्रम का संचालन अल्पना भट्टाचार्य ने किया। इस अवसर पर माताजी एवं स्वामीजी ने ठाकुर रामकृष्ण देव के जीवन और उनके आध्यात्मिक विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की शुरुआत आनंदम पाठ चक्र के अल्पना भट्टाचार्य की ओर से संचालित मेटल्ला विवेकानंद विद्यापीठ की नौ छात्राओं के जरिए "गायत्री मंत्र" एवं रामकृष्ण शरणम के पाठ से हुई। इसके बाद तपती दत्ता, तनुका दत्ता राय, शमिता रक्षित, तंद्रा रेहेल, शर्मिष्ठा धर, शिप्रा नियोगी, नंदिनी राय एवं मधुमिता बक्शी ने ओ आमार देशेर माटी और मां गो तुमि सार्वजनीन जैसे भक्ति गीत प्रस्तुत किए एवं उसी गीत पर छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
इसके बाद पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले से आए विवेक भारती सोसाइटी के कलाकार अश्विनी चक्रवर्ती, शांतनु सेन, सोखा चक्रवर्ती, गुरुदास मन्ना, सुबिनॉय पात्रो, खोकोन डे और सुमन मंडल ने श्री श्री ठाकुऱेर नरेन नाटक का प्रभावशाली मंचन किया। कार्यक्रम में अल्पना भट्टाचार्य, अनिंदिता गुप्ता, तपती दत्ता, शमिता रक्षित, तंद्रा रेहेल, मधुमिता कुंडू सहित कई लोग उपस्थित थे।
वसंत उत्सव के साथ मनाई गई ठाकुर श्री रामकृष्ण परमहंस की जयंती





