प्रख्यात चिकित्सक स्व. डॉ. विश्वनाथ ओझा को भावभीनी श्रद्धांजलि,बीपीएसआरए ने आयोजित की शोक सभा
पलामू प्रमंडल के विख्यात चिकित्सक स्वर्गीय डॉ. विश्वनाथ ओझा के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बिहार-झारखंड प्रदेश सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन (बीपीएसआरए) के तत्वावधान में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सभा को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के सचिव नितिन आलोक ने डॉ. ओझा के चिकित्सा क्षेत्र में अतुलनीय योगदान को याद किया।उन्होंने कहा कि डॉ. ओझा न केवल एक कुशल चिकित्सक थे, बल्कि मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और समर्पण उन्हें समाज में विशेष पहचान दिलाता था।उनके निधन से चिकित्सा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ.ओझा का जीवन सेवा, समर्पण और मानवता का प्रतीक था।उन्होंने सीमित संसाधनों में भी मरीजों की सेवा को सर्वोपरि रखा और हमेशा जरूरतमंदों के साथ खड़े रहे।
शोक सभा में कोषाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार,केंद्रीय समिति सदस्य नवीन शरण,जयशंकर,कुणाल राणा,देवदास,सुब्रत साहा, आकाश,आशीष,सहजाद आलम,संजीव कुमार सिंह सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।सभी ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए डॉ.ओझा के व्यक्तित्व और कृतित्व को नमन किया।
सभा के अंत में यह संकल्प लिया गया कि डॉ.ओझा के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी। उनकी स्मृति हमेशा समाज को प्रेरित करती रहेगी।





