उपायुक्त श्रीमति कंचन सिंह ने रामरेखा धाम की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को समेटे स्मारिका का किया विमोचन।
सिमडेगा, 25 नवंबर 2026। द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव 2026 के अवसर पर रामरेखा धाम की धार्मिक, ऐतिहासिक, साहित्यिक एवं पर्यटन संबंधी विरासत को समेटे स्मारिका का विमोचन मंगलवार को समाहरणालय सभागार में किया गया। उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह, उप विकास आयुक्त श्री दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता श्री गिरिजा शंकर महतो, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्रीमती सरोज तिर्की एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता श्रीमती अरुणा कुमारी ने संयुक्त रूप से स्मारिका का विमोचन किया।
स्मारिका में रामरेखा धाम की धार्मिक मान्यताओं, भगवान श्रीराम के वनवास काल से जुड़ी प्रचलित कथाओं, बीरू राजघराने के इतिहास, स्वर्गीय आचार्य रमापति की साहित्यिक रचना ‘रामरेखा महात्म्य’ तथा धाम के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विस्तृत परिचय दिया गया है। साथ ही सिमडेगा जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और रामरेखा धाम में हो रहे विकास कार्यों को भी स्थान दिया गया है।
स्मारिका का विशेष आकर्षण उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह द्वारा रचित ‘श्रीरामरेखा धाम स्तुति’ है, जिसमें गीतात्मक शैली में धाम की महिमा एवं प्रभु श्रीराम के आदर्शों का भावपूर्ण वर्णन किया गया है।
इस अवसर पर उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह ने कहा कि रामरेखा धाम सिमडेगा की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। स्मारिका के माध्यम से इस गौरवशाली विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा जिले की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया गया है।
यह स्मारिका रामरेखा धाम की आस्था, इतिहास, साहित्य और विकास यात्रा का महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगी।






