रांची पुलिस ने चुटिया थाना क्षेत्र में थार जीप से छह लोगों को कुचलने के मामले में आरोपित चालक अतुल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय वाहन में उसके साथ अन्य लोग मौजूद थे या नहीं। चुटिया थाना पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार जीप को भी जब्त कर लिया है। सिटी डीएसपी केवी रमण ने गुरुवार को गिरफ्तारी की पुष्टि की। उल्लेखनीय है कि बुधवार देर रात दुर्गा मंदिर चौक के पास एक थार जीप ने छह लोगों को रौंद दिया था, जिसमें हटिया निवासी धर्मेंद्र सिंह की मौत हो गई। वे वर्तमान में चुटिया इलाके में रह रहे थे। इस हादसे में रेलवे की महिला टीटी अन्नापूर्णा नायडू, उनके पुत्र कुणाल नायडू, अमित सिंह, संदीप महतो और प्रशांत गौरव घायल हो गए। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया था। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को गुरुनानक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि महिला टीटी और उनके पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।






