BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सहकारिता समितियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर जोर, 2047 के विकसित भारत में योगदान का संकल्प


झारखंड को-ऑपरेटिव फेडरेशन की वार्षिक आमसभा में राज्यभर की सहकारी समितियों के प्रतिनिधि हुए शामिल, 22.18 लाख रुपये का शुद्ध लाभ

रांची। झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड, रांची की वार्षिक आमसभा शनिवार को आयोजित हुई। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से लैम्प्स, पैक्स (एमपीसीएस), औद्योगिक, हाउसिंग, क्रेडिट, लेबर, मत्स्य एवं डेयरी सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में सहकारिता आंदोलन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, युवाओं को इससे जोड़ने और समितियों को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में झारखंड की सहकारी समितियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।

फेडरेशन के अध्यक्ष सत्यइंद्र चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता की असली ताकत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में काम कर रही समितियों की एकजुटता में है। जरूरत है कि सहकारी संस्थाओं को तकनीक से संपन्न, पारदर्शी और आत्मनिर्भर आर्थिक इकाइयों के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए युवा पीढ़ी को सहकारिता से जोड़ने और उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों के युवाओं को सहकारी उद्योगों में दीर्घकालिक रोजगार और करियर के अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य और केंद्र सरकार को पूंजी आधारित नीतियां बनानी चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कृषि एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की तथा विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में सहकारी समितियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की बात कही। साथ ही केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 'सहकार से समृद्धि' के विजन को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

फेडरेशन के प्रबंध निदेशक अफ्रेम जार्ज कुजूर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि फेडरेशन में वर्तमान में कुल 204 सदस्य हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में फेडरेशन को 22,18,416.52 रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है। वहीं, अंकेक्षण में फेडरेशन को 'बी' श्रेणी प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि फेडरेशन की चुकता शेयर पूंजी में सहकारी समितियों का योगदान 6.92 लाख रुपये और राज्य सरकार का योगदान 5.85 करोड़ रुपये है।

वित्तीय स्थिति की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि फेडरेशन की 2.03 करोड़ रुपये से अधिक की राशि झारखंड राज्य सहकारी बैंक की हटिया शाखा में सावधि जमा के रूप में निवेशित है। इसके अलावा विभिन्न बैंकों के बचत खातों में करीब छह लाख रुपये जमा हैं। वर्ष 2026 में फेडरेशन लेवी के माध्यम से 12.69 लाख रुपये की वसूली हुई है। वहीं, 33 व्यक्तियों एवं संस्थाओं से 29.03 लाख रुपये की बकाया राशि की वसूली की जानी है।

आमसभा में फेडरेशन की उपविधियों में संशोधन, जिला एवं प्रखंड स्तर पर इकाइयों का गठन, नए सदस्यों को जोड़ने और सदस्यता विस्तार जैसे प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इसके अलावा फेडरेशन में तकनीकी सेल गठित करने पर भी विचार किया गया, ताकि लेखा-जोखा, डाटा प्रबंधन और प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक में सभी सदस्यों से प्रस्तावों पर सहमति देने और अपने सुझावों के माध्यम से सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की गई।