त्योहारों से पहले एक्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग, पतरातू के 5 होटल-रिजॉर्ट खंगाले
एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और प्रतिबंधित पेय पदार्थों पर सख्ती, साफ-सफाई दुरुस्त रखने का निर्देश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। त्योहारों के मौसम में लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने पतरातू में जांच अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा ने पांच होटल और रिजॉर्ट में औचक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने और प्रतिबंधित सामग्री व पेय पदार्थों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।
पांच प्रतिष्ठानों में पहुंची जांच टीम
संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त, रांची, उपायुक्त रामगढ़ और अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवल कुमार के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान होटल पर्यटन विहार, द रॉयल लश होटल एंड रिजॉर्ट, मिड वे, द एटरनिटी रिजॉर्ट और अलेक्सा रिजॉर्ट का निरीक्षण किया गया।
साफ-सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों के खाद्य सुरक्षा संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने संचालकों को परिसर में नियमित साफ-सफाई रखने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता व वैधता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। एक्सपायर्ड सामग्री के इस्तेमाल पर रोक के साथ प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों का उपयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
त्योहारों में खाद्य सुरक्षा पर विभाग की नजर
त्योहारों के दौरान होटलों और रिजॉर्ट में लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर दिया जा रहा है। विभागीय निर्देशों के तहत प्रतिष्ठानों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।






