BREAKING NEWS

logo

पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी पर दर्ज कराया केस,मानहानि और धमकी का आरोप



मुकेश कुमार/ब्यूरो चीफ 

रांची।गढ़वा जिले की सियासत एक बार फिर गरमा गई है।हेमंत सरकार के पूर्व मंत्री और झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने स्थानीय भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गढ़वा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।पूर्व मंत्री ने विधायक पर सार्वजनिक रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने,झूठे आरोप लगाने और आपराधिक धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

प्रेस वार्ता के दौरान अभद्र टिप्पणी का मामला

थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार,मामला बीते 22 अप्रैल का है।मिथिलेश ठाकुर ने बताया कि उस दिन शाम करीब छह बजे सदर अस्पताल के पास एक मेडिकल स्टोर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने पत्रकारों और आम जनता की मौजूदगी में उनके खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया।

प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का आरोप

पूर्व मंत्री ने अपनी शिकायत में कहा कि विधायक तिवारी ने न केवल उन पर अनर्गल और आधारहीन आरोप लगाए,बल्कि उन्हें सार्वजनिक रूप से धमकी भी दी।उन्होंने कहा,"विधायक के इन बयानों से मेरी सामाजिक, राजनीतिक और पारिवारिक प्रतिष्ठा को गहरी क्षति पहुंची है। एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।"

इन धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग

मिथिलेश ठाकुर शनिवार को स्वयं गढ़वा थाना पहुंचे और पुलिस से आग्रह किया कि इस मामले में मानहानि,आपराधिक धमकी और जानबूझकर अपमान करने जैसी सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए।उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

सियासी गलियारों में हलचल

गढ़वा के दो कद्दावर नेताओं के बीच कानूनी लड़ाई शुरू होने से जिले के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।झामुमो समर्थकों में विधायक के बयान को लेकर काफी रोष देखा जा रहा है,वहीं भाजपा खेमे की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुट गई है।