BREAKING NEWS

logo

आज अप्रैल को निकलेगी “गौ माता सम्मान रैली”, जन-जागरण का दिया जाएगा संदेश


पलामू: भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक मूल्यों की प्रतीक गौ माता के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से 27 अप्रैल को एक भव्य “गौ माता सम्मान रैली” का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान देशभर में जन-जागरण के रूप में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को गौ सेवा के प्रति जागरूक और प्रेरित करना है।
श्री गौशाला पलामू बारालोटा के उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह डिंपल ने बताया कि रैली के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया जाएगा कि गौ माता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय संतुलन की आधारशिला भी हैं। उन्होंने कहा कि गौ आधारित उत्पादों के उपयोग, जैविक खेती को बढ़ावा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में गौवंश की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिला प्रभारी गौ सम्मान अभियान शिवेंद्रू शेखर वर्मा ने जानकारी दी कि रैली में विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और गणमान्य नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान गौ संरक्षण, गोशालाओं के सुदृढ़ीकरण और आवारा पशुओं की समस्या के समाधान को लेकर जनसमर्थन जुटाया जाएगा। साथ ही, सदर अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं देश के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
इस अवसर पर इंद्रजीत सिंह डिंपल ने कहा कि “गौ माता का सम्मान हमारी सांस्कृतिक पहचान और नैतिक जिम्मेदारी है। यह रैली समाज को एकजुट कर गौ सेवा को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।”
श्री गौशाला लोटा के सचिव सतेंद्र पाण्डेय एवं कोषाध्यक्ष नरेंद्र मेहता ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। रैली 27 अप्रैल को प्रातः 11:00 बजे श्री गौशाला बारालोटा बैरिया से शुरू होकर रेडमा होते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर समाप्त होगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजीव रंजन पांडे सहित सभी गौशाला सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।