BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दिल्ली पब्लिक स्कूल राँची में वार्षिकोत्सव ‘सम्भवामि – द लेगेसी ऑफ वैलर’ का भव्य आयोजन


अखंड प्रचंड जिसका प्रताप, सुधा प्रेम –रस जीवन पुरुषार्थ l 
शुचि हृदय करुणा भाव शाश्वत, निष्कपट, निश्छल जीवन सतपथ ll 
विरासत, वीरता और कलात्मक वैभव की एक अविस्मरणीय शाम...

जब इतिहास की गूँज कला की अभिव्यक्ति में ढलती है, तब अतीत केवल बीते समय का वृत्तांत नहीं रह जाता, बल्कि एक जीवंत विरासत के रूप में वर्तमान से जुड़ जाता है। विरासत और वर्तमान, साहस और संकल्प के इसी शाश्वत संवाद की सजीव अभिव्यक्ति बनी ‘सम्भवामि – अ लेगेसी ऑफ वैलर’, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेल टाउनशिप, राँची की कक्षा III से V तक के विद्यार्थियों का वार्षिकोत्सव, जिसका आयोजन 28 नवंबर 2026 को विवेकानंद सभागार में किया गया।

भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को समर्पित इस भव्य समारोह की परिकल्पना का उद्देश्य विद्यार्थियों को उन आदर्शों से परिचित कराना था, जिनमें वीरता, त्याग, दृढ़ता और कर्तव्यनिष्ठा जैसे शाश्वत मूल्य समाहित हैं और जिन्होंने भारत की सभ्यतागत चेतना को आकार दिया है। संगीत, नृत्य और नाट्य अभिव्यक्ति के मनमोहक संगम के माध्यम से नन्हे कलाकारों ने भारत की समृद्ध विरासत की कालजयी गाथाओं को जीवंत कर दिया तथा मंच के इतिहास और कल्पना को एक सजीव रूप में परिवर्तित कर दिया।

समारोह का शुभारंभ ‘मंगल स्वरम्’ की मंगलमय संगीतमय प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसके पश्चात् वादित्रम् की मधुर वाद्य प्रस्तुति ने संध्या को सुरमयी एवं भावपूर्ण स्वर प्रदान किया। इस अवसर पर बाल- वृक्ष भेंट करने के साथ ही गणमान्य अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन से ज्ञान, आशा और प्रकाश के संदेश ने वातावरण को आलोकित कर दिया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में विद्यालय की प्राचार्या डॉ. जया चौहान ने विद्यार्थियों को रचनात्मकता, संस्कृति और आत्म-अभिव्यक्ति के उत्सव में एक साथ भाग लेते देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि शिक्षा केवल पुस्तकों और कक्षाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, आत्मविश्वास विकसित करने और सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण के लिए सार्थक अवसर भी प्रदान करना चाहिए। इस वर्ष की विषयवस्तु की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना और उनमें साहस, सत्यनिष्ठा, दृढ़ संकल्प, परिश्रम तथा उत्तरदायित्व की भावना जैसे शाश्वत मूल्यों का विकास करना अत्यंत आवश्यक है।

संध्या का एक विशेष आकर्षण ‘नवरसात्मकं शिवम् – शिव के नौ भाव’ की मनमोहक प्रस्तुति रही, जिसमें शास्त्रीय नृत्य की भाव-भंगिमाओं के माध्यम से भगवान शिव के बहुआयामी स्वरूप एवं नौ भावों को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। यह प्रस्तुति केवल एक नृत्य प्रदर्शन तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें भारतीय शास्त्रीय परंपरा की भावनात्मक गहराई, अनुशासन और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस प्रस्तुति का गौरव उस समय और बढ़ गया, जब इसे ‘नृत्यांजलि’ 2026 में प्राप्त राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि से जोड़ा गया। दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसाइटी द्वारा डीपीएस नॉलेज पार्क–V, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की इंटर-डीपीएस शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में डीपीएस राँची की नृत्य टीम ने प्रारंभिक चरण में प्रथम स्थान तथा राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया था। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के सम्मान में समारोह के दौरान प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक यात्रा को आगे बढ़ाते हुए ‘पृथ्वीराज – एक अमर विरासत की गूँज’ शीर्षक पर आधारित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति ने दर्शकों को भारत के गौरवशाली वीरतापूर्ण अतीत और उन महान साहसी व्यक्तित्वों की गाथाओं से रूबरू कराया, जिनके पराक्रम और बलिदान ने उन्हें पीढ़ियों तक अमर बना दिया। दोनों प्रस्तुतियों ने मिलकर समारोह की केंद्रीय विषयवस्तु को प्रभावशाली कलात्मक अभिव्यक्ति प्रदान की और यह संदेश दिया कि किसी राष्ट्र की विरासत केवल स्मृतियों में संजोकर रखने से नहीं, बल्कि उससे प्रेरित मूल्यों को आत्मसात करने से जीवंत बनी रहती है।

समारोह को बौद्धिक गरिमा एवं विशिष्टता प्रदान करते हुए मुख्य अतिथि श्री फैज़ आक़ अहमद मुमताज़, (आईएएस, अपर सचिव, राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, झारखंड सरकार) ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य के निर्माण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपना विचार साझा किया । उन्होंने कहा कि वास्तविक शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य चरित्र निर्माण, विवेकशीलता और उत्तरदायित्व की गहरी भावना विकसित करना भी है। बदलती दुनिया की संभावनाओं को अपनाते हुए अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने युवा पीढ़ी को अतीत के साहस और बलिदान से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने आगे कहा कि दृढ़ता, ईमानदारी और आत्मविश्वास ऐसे स्थायी गुण हैं, जो व्यक्ति को चुनौतियों का सामना करने तथा समाज के प्रति सार्थक योगदान देने की शक्ति प्रदान करते हैं। उनका संबोधन समारोह की मूल भावना के अनुरूप रहा और भारत की गौरवशाली विरासत के उत्सव को और अधिक सार्थक बना गया।
तत्पश्चात् श्री संदीप कुमार कर, (कार्यपालक निदेशक, आरडीसीआईएस, सेल, राँची) ने अपने संबोधन में कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने के लिए सार्थक मंच प्रदान करते हैं। विद्यार्थियों के समर्पण और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने इस बात पर बल दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों में जीवन-मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता की सराहना की तथा उन्हें बड़े सपने देखने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और जीवन में निरंतर नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

इस गरिमामय अवसर पर श्री नीरज कुमार, (निदेशक, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI), रीजनल कार्यालय, राँची) तथा श्री अतनु मुखर्जी, (पीवीसी, बीओजी, डीपीएस राँची) की विशिष्ट उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। उनके संबोधनों में समग्र शिक्षा के महत्व तथा आत्मविश्वासी, संवेदनशील और बहुआयामी व्यक्तित्व के निर्माण में रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।

"संभवामि" ने न केवल विद्यार्थियों के कलात्मक कौशल को मंच दिया, बल्कि उन्हें पृथ्वीराज और चंद बरदाई की अमर गाथा से जोड़कर मित्रता, साहस और धर्म के महत्व को समझने में भी सहायता की। सभागार में उपस्थित सभी दर्शक कार्यक्रम देखकर मंत्रमुग्ध हो गए तथा तालियों की गूँज से प्रतिभागियों का भरपूर उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी मंचारुढ़ हुए । उनकी छटा देख सम्पूर्ण सभागार प्रफुल्लित हो उठा। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का शुभ समापन किया गया।