झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन एवं सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर खेलगांव, रांची में आयोजित समारोह में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन। इस अवसर पर लगभग 9 हजार करोड़ रुपए की लागत वाली 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया।
===========================
समारोह के दौरान राज्य के समग्र विकास को गति देते हुए कुल 1,650 योजनाओं की शुरुआत और लोकार्पण किया गया, 5,941.86 करोड़ रुपए की लागत से 823 योजनाओं का शिलान्यास एवं 3,155.73 करोड़ रुपए की लागत से कुल 820 योजनाओं का उद्घाटन किया गया।
===========================
कार्यक्रम में विशिष्ट सेवाओं, वीरता और उत्कृष्ट योगदान के लिए विभिन्न सेवाओं के लोगों को सम्मानित किया गया। झारखण्ड मुख्यमंत्री पदक (वीरता) पुरस्कार से पुलिसकर्मी, विभिन्न विभागों में बेहतर काम करने वाले पदाधिकारी, कर्मी, खिलाड़ी, कलाकार और मैट्रिक, इंटर एवं इंजीनियरिंग की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि एवं लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया।
===========================
मुख्यमंत्री ने कहा - जल, जंगल, जमीन पहाड़, नदी-नाले हमारे जीने का आधार हैं, जिन्हें संरक्षित कर आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देना होगा।
===========================
★ 50 लाख से अधिक परिवारों तक प्रतिमाह कम-से-कम 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता पहुंच रही है
★ वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना है
★ यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है, अपने हक-अधिकार के लिए हम संघर्ष करने में सक्षम
★ राज्य के युवा पीढ़ी को बेहतर दिशा देने के उद्देश्य से निरंतर हो रहे सकारात्मक कार्य
श्री हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री, झारखण्ड।
===========================
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि 26 साल का यह युवा झारखंड संघर्ष एवं अनेक उतार-चढ़ाव को पार करते हुए आज इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि खेलगांव परिसर में आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा बेहद भव्य रहा और समापन अवसर पर लोगों का उत्साह तथा जिज्ञासा देखना सुखद है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित अनेक मार्गदर्शकों के संघर्ष, त्याग व बलिदान को नमन करते हुए कहा कि राज्य के सवा तीन करोड़ लोग गर्व से स्वयं को अलग झारखंड राज्य का नागरिक मानते हैं। उपरोक्त बातें मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कही। मुख्यमंत्री झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा समापन एवं सरकार के द्वितीय वर्षगांठ पर खेलगांव में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाली पीढ़ी के कई क्रांतिकारी अगुआ, मार्गदर्शक अब हमारे बीच नहीं रहे हैं, लेकिन आज का 26वां स्थापना दिवस नई पीढ़ी एवं नौजवानों के लिए संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन केवल पहाड़, जंगल या नदी-नाले नहीं, बल्कि जीने का आधार हैं, जिन्हें संरक्षित कर आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देना होगा। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि झारखंड ने खनिज संपदा के माध्यम से सदियों तक देश और दुनिया को समृद्ध किया, लेकिन दुर्भाग्यवश राज्य के आदिवासी और मूलवासी हक-अधिकार एवं विकास की दौड़ में पीछे रहे। अब नई पीढ़ी को इस पिछड़ेपन को दूर कर झारखंड को अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा करने का संकल्प लेना होगा।
जमीनी हकीकत, गरीबी और शिक्षा के स्तर को समझकर बनाई जा रही योजनाएं
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि 26 वर्षों के राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बीच अलग झारखंड सरकार बनने के बाद लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटी है। उन्होंने बताया कि पखवाड़े में हर जिले, पंचायत और गांव से आई महिलाओं ने स्टॉल लगाकर बाजार को गति दी है और हाल ही में दिल्ली ट्रेड फेयर के झारखंड पवेलियन में भी महिलाओं ने अपनी हुनर व उत्पादों का सफल प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार दिलाने, जीआई टैगिंग और घर बैठे ऑनलाइन खरीद-बिक्री की व्यवस्था की गई है तथा जमीनी हकीकत, गरीबी और शिक्षा के स्तर को समझकर योजनाएं बनाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11वीं के बाद उच्च शिक्षा में प्रवेश के समय आर्थिक कमी से जूझ रहे विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मोबाइल और लैपटॉप जैसी आवश्यक सुविधाएं भी सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को समान रूप से सम्मानित किया जा रहा है और युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कई विभागों के माध्यम से जारी है।
छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को भोजन उपलब्ध करायेगी सरकार, पढ़ाई पर केन्द्रित होकर अपना भविष्य संवार सकेंगे विद्यार्थी
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि विकास की गति देर से शुरू होने के कारण कई राज्य आगे निकल गए हैं। लेकिन झारखंड में भी अब बदवाल आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने झारखंड के युवाओं और नौजवानों से राज्य के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, विद्यालयों के उन्नयन, छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। अभिभावक निजी विद्यालयों से अपने बच्चों का नामांकन हटाकर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में करने के प्रति भी आकर्षित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि उन्हें भोजन की व्यवस्था को लेकर चिंता नहीं करनी पड़े और वह पूरी एकाग्रता के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।
युवावर्ग समृद्ध झारखंड निर्माण का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का युवा वर्ग ही समृद्ध झारखंड निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। हम अपने बच्चों को बेहतर दिशा देने के उद्देश्य से निरंतर सकारात्मक कार्य कर रहे हैं। राज्य के युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए हमारी सरकार पूरी तत्परता के साथ आगे बढ़ रही है।
महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन रहा झारखंड
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड के महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मिसाल कायम कर रहा है। राज्य सरकार महिलाओं और बहनों को सम्मान राशि प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। एक ही परिवार में एक से अधिक महिलाएं होने पर भी सभी पात्र महिलाओं को सम्मान राशि का लाभ मिल रहा है। 50 लाख से अधिक परिवारों तक एक-एक महिलाओं के घरों में 10-10 हजार रूपये तक की राशि पहुंचने से उनके जीवन में आर्थिक आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का नया अध्याय जुड़ा है। इस सम्मान राशि के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं और अपनी आजीविका स्वयं अर्जित करने के साथ परिवार की आर्थिक मजबूती में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहीं हैं। राज्य के भीतर ही रोजगार व सुरक्षित माहौल बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर करने का प्रयास किया गया है।
वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना है
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के माध्यम से राज्य के विकास को नई गति देते हुए झारखंड को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना हमारा लक्ष्य है। हमें विकास की रफ्तार तेज करनी है और वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा में युवाओं की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में संभावनाओं और संसाधनों की कोई कमी नहीं है। दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की जरूरत है। राज्य की सवा 3 करोड़ जनता विशेष कर युवा और नौजवानों के भविष्य को लेकर अबुआ सरकार की सोच और प्रतिबद्धता समर्पित है। झारखंड ने अपनी अलग पहचान स्थापित की है और अब विकास के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित करते हुए नई ऊंचाइयों को हासिल करना है।
यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है। लंबे संघर्ष के बाद राज्य का निर्माण हुआ। अपने हक-अधिकार के लिए, कानूनी व राजनीतिक हर संघर्ष के लिए राज्य सक्षम है। उन्होंने कहा कि पखवाड़े में आज्य के विभिन्न जिलों व सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आई दीदियों और महिला समूहों के उत्पादों को प्रदर्शित व विक्री की जा रही है। उनके उत्पादों का एक बड़ा बाजार मिला है। जहां लोग अवलोकन कर एक ओर प्रेरित हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर उनके उत्पाद की बिक्री होने से आर्थिक मजबूती आ रही है।
जेल में रह रहे बंदियों के मानवीय व्यवहार से संबंधित "The Jharkhand Prison JOURNAL 2025" पुस्तिका का विमोचन किया गया। वहीं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा निर्मित फिल्म 'अरण्य' का कटेन रेजर की प्रस्तुति हुई।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्र के लोगों को सम्मानित किया गया। इसमें मुख्य रूप सेपुलिस पदाधिकारी व जवानों को पुलिस सेवा के लिए झारखंड मुख्यमंत्री पदक से अलंकृत किया गया। वहीं राज्य के विभिन्न जिलों में विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी, कर्मी, खिलाड़ी और कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।इसके अलावा मैट्रिक, इंटर, इंजीनियरिंग आदि परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि, लैपटॉप आदि से सम्मानित किया गया।
*मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विशिष्ट अतिथिगणों द्वारा कार्यक्रम स्थल के निकट विभिन्न विभागों के समन्वय से लगे स्टॉलों का परिभ्रमण एवं अवलोकन किया गया। विभागों की उपलब्धियों पर केन्द्रित गतिविधियों व कार्यक्रम को सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति..
मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री श्री दीपक विरुआ, मंत्री श्री चमरा लिंडा, मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री डॉ० इरफान अंसारी, मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय, सिंह, मंत्री श्री योगेन्द्र प्रसाद, मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिकी, सांसद राज्य सभा श्रीमती महुआ माजी, महापौर रांची श्रीमती रोशनी खलखो,विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक श्री सुरेश कुमार बैठा, विधायक श्रीमती ममता देवी, झारखण्ड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश, राज्य के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, विकास आयुक्त श्री अजय कुमार सिंह, राज्य सरकार के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, वरीय पुलिस अधिकारीगण, राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।







